'

हिंसाव, हींसर या हिंसालू (Rubus elipticus)


हिंसाव, हींसर या हिंसालू (Rubus elipticus)
लेखक: शम्भू नौटियाल

हिंसालू या हींसर वानस्पतिक नाम रूबस इलिप्टिकस (Rubus elipticus) है। जो कि रोजेसी (Rosaceae) कुल की वनस्पति है, उत्तराखंड में पाये जाने वाले अति स्वादिष्ट जंगली फलों में एक है। पर्वतीय क्षेत्रों में समुद्रतल से लगभग 900 से 1900 मीटर तक की ऊंचाईयों वाले स्थानों पर पाये जाने वाले इस कंटीले झाड़युक्त पौधे में मई से जून तक रसदार फल लगते हैं। इसे हिमालय की रास्पबेरी के नाम से भी कहा जाता है।

हिसालू या हींसर के दो प्रकार पाए जाते हैं, एक पीला रंग होता है और दूसरा काला रंग होता है। पीले रंग का हींसर या हिसालू आम प्रचलित है लेकिन काले रंग का हिसालू इतना आम नहीं है। हींसर में खट्टा और मीठे स्वाद होता है। एक अच्छी तरह से पके हुए हींसर को अधिक मीठा और कम खट्टा स्वाद मिलता है। यह फल इतना कोमल होता है कि हाथ में पकडते ही टूट जाता है एवं जीभ में रखो तो पिघलने लगता है। इस फल को ज्यादा समय तक संभाल के नहीं रखा जा सकता है क्योंकि हींसर के फल को तोड़ने के 1-2 घंटे बाद ही खराब हो जाता है।



लोकगीतों में हींसर या हिसालू ने एक खास जगह बनाई हैं। इसके रसीले स्वाद का वर्णन कुछ तरह मिलता है:
तेरी काली घाघरी पिंगला बुरका!
तू त पिलौंदी रस का घूटका'
उत्तराखंड के प्रसिद्ध कुमाऊँनी कवि गुमानी पन्त के द्वारा इस फल के सम्बन्ध में यह में कहा गया है:
हिसालू की जात बड़ी रिसालू,
जाँ जाँ जाँछे उधेड़ि खाँछे।
यो बात को क्वे गटो नी माननो,
दुद्याल की लात सौणी पड़ंछ।
यानी हिसालू की नस्ल बड़ी नाराजगी भरा है, जहां-जहां जाता है, बुरी तरह खरोंच देता है, तो भी कोइ इस बात का बुरा नहीं मानता, क्योंकि दूध देने वाली गाय की लातें खानी ही पड़ती हैं।

हिंसालू या हींसर भूमि संरक्षण के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है व मीठे फलों के अतिरिक्त यह औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। हींसर में अच्छे औषधीय अवयवों के पाए जाने के कारण ही इसे विभिन्न रोगों के समाधान में परंपरागत औषधि के रूप में उपयोग किया जाता है। प्राचीन समय से लेकर वर्तमान तक हिंसर के संपूर्ण वैज्ञानिक विश्लेषण व परीक्षण के उपरांत ही इसे एंटी ऑक्सीडेंट, एंटी ट्यूमर व घाव भरने के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है।  इसमें प्रचुर मात्र में एंटी ऑक्सीडेंट की अधिक मात्रा होने की वजह से यह फल शरीर के लिए काफी गुणकारी माना जाता है।


हिंसालू या हिंसर में पोषक तत्वो जैसे कार्बोहाइट्रेड, सोडियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटेशियम, आयरन, जिंक तथा एस्कार्विक एसिड प्रचुर मात्रा मे पाये जाते हैं। विटामिन सी 32 प्रतिशत, मैगनीज 32 प्रतिशत, फाइबर 26 प्रतिशत तथा सबसे मुख्य रूप से हिंसर में low-glycemic जिसमें शुगर की मात्रा केवल 4 प्रतिशत तक आंकी गयी है। औषधीय तथा पोषक से भरपूर होने के कारण हिंसर का उपयोग औद्योगिकी रूप से विभिन्न जैम, जेली, विनेगर, वाइन तथा चटनी आदि बनाने में भी किया जा रहा है। यह Malic एसिड, सिटरिक एसिड, टाइट्रिक एसिड का भी अच्छा स्रोत है।

भारत व विश्व में हिंसालू या हिंसर के एंटी फर्टीलिटी प्रभाव को देखते हुए एंटी फर्टीलिटी दवाइंया बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसकी जड़ों को बिच्छुघास (Indian stinging nettle) की जड़ एवं जरुल (Lagerstroemia parviflora) की छाल के साथ कूटकर काढा बनाकर बुखार की स्थिति में रामबाण दवा है। ताजी जड़ से प्राप्त रस का प्रयोग करने से पेट सम्बंधित बीमारियों दूर हो जाती है एवम् इसकी पत्तियों की ताजी कोपलों को ब्राह्मी की पत्तियों एवं दूर्वा (Cynodon dactylon) के साथ मिलाकर स्वरस निकालकर पेप्टिक अल्सर की चिकित्सा की जाती है।


इसके फलों से प्राप्त रस का प्रयोग बुखार, पेट दर्द, खांसी एवं गले के दर्द में बड़ा ही फायदेमंद होता है। इसकी छाल का प्रयोग तिब्बती चिकित्सा पद्धति में भी सुगन्धित एवं कामोत्तेजक प्रभाव के लिए किया जाता है। इस फल के नियमित उपयोग से किडनी-टोनिक के रूप में भी किया जाता है। इस वनस्पति को सरंक्षित किये जाने की आवश्यकता को देखते हुऐ इसको IUCN द्वारा वर्ल्ड्स हंड्रेड वर्स्ट इनवेसिव स्पेसीज की लिस्ट में शामिल किया गया है।

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ